नयी दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों पर आसमान से आफत की बरसात हो रही है। पंजाब-हिमाचल के बाद दिल्ली और हरियाणा में बाढ़ का प्रकोप देखने को मिल रहा है।
यमुना नदी उफान पर है। लगातार बारिश के कारण जलस्तर बढ़ रहा है। आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार पानी बढ़ रहा है। ऐसा लग रहा पूरी दिल्ली डूब जाएगी।
मंगलवार से ही यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। प्रशासन लगातार राहत बचाव कार्य में जुटा है। अब तक 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है। NDRF की चार टीमें लगी हैं। हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ा गया है, जो दिल्ली के काल बन गया है।
वजीराबाद ब्रिज बंद, यमुना बैंक मेट्रो स्टेश से संपर्क कटा
राष्ट्रीय राजधानी में इस तरह की स्थिति बेहद कम देखी जाती है। ताजा जानकारी के अनुसार, दिल्ली में बाढ़ का हाई अलर्ट जारी किया गया है। लोहा पुल के बाद अब वजीराबाद पुल को बंद कर दिया गया है। कई इलाकों की सड़क मार्ग से संपर्क कट गया है। वहीं दिल्ली मेट्रो ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन जाने वाले संपर्क मार्ग तलाब में तब्दील हो गया है, जिसके कारण आवागमन ठप हो गया है। हालांकि मेट्रो स्टेशन चालू है और इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध है।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक कश्मीरी गेट बस टर्मिनल को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। बस अड्डा पानी में डूब गया है। स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।
दिल्ली के लिए राहत की बात है कि यमुना का जलस्तर कम होना शुरू हो गया है। सुबह 8 बजे जलस्तर 207.48 मीटर था, जो दोपहर 12 बजे के करीब 2 सेंटीमीटर घट कर नीचे पहुंच गया है। दिल्ली में यमुना लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। यदि आज दिल्ली-हरियाणा में बारिश हुई तो यमुना का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे दिल्ली के बचे-खुचे इलाके भी डूब जाएंगे।