गृह कलह से परेशान शिक्षक दंपती ने की आत्महत्या: पत्नी ने आगरा में, पति ने लखनऊ में किया सुसाइड

आगरा, गृह कलह से परेशान शिक्षक दंपती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी ने आगरा स्थित घर में तो पति ने लखनऊ में आत्महत्या की। दंपती की मृत्यु से घर में मातम छा गया।

शुक्रवार को स्वजन युवक का शव लेकर आगरा पहुंचे और अंतिम संस्कार किया। महिला के शव का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया गया था।

पत्नी ने आगरा में, पति ने लखनऊ में की आत्महत्या

जगदीशपुरा क्षेत्र के अवधपुरी बोदला निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र गोयल बहराइच में बेसिक शिक्षा विभाग में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। उनकी 32 वर्षीय पत्नी पूजा सिंघल श्रावस्ती में सहायक अध्यापक पद पर तैनात थीं। गृहकलह से परेशान होकर पूजा ने बुधवार शाम को घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

गृहकलह में उठाया आत्मघाती कदम घर में छाया मातम

जानकारी होने पर स्वजन उन्हें साकेत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मृत से अवसाद में आए पति जितेंद्र गोयल ने गुरुवार को लखनऊ के चारबाग क्षेत्र स्थित मयूर होटल में आत्महत्या कर ली थी। पति की मृत्यु के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर जैसे ही लखनऊ पुलिस से स्वजन को मिली घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में स्वजन लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

होटल में सुबह नौ बजे आए थे

लखनऊ के नाका इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि जितेंद्र गुरुवार सुबह करीब नौ बजे होटल में ठहरे हुए थे। कुछ देर बाद उनका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। होटल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच की। दंपती अपने पीछे एक बेटे को छोड़ गए हैं। शुक्रवार को युवक का शव आगरा स्थित घर पहुंचा। दंपती ने आत्महत्या क्यों की इसकी जानकारी देने से स्वजन बचते रहे।

इंस्पेक्टर जगदीशपुरा प्रदीप कुमार ने बताया कि दंपती ने आत्महत्या क्यों कि इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में गृहकलह की बाद सामने आई है।

Related Posts