बहुत कठिन है डगर पनघट की! श्रीलंका से जीतकर भी पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से हो जाएगा बाहर! न्यूजीलैंड को ऐसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट

नई दिल्ली, न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पास टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल का टिकट कटाने का शानदार मौका था, जिसे उसने इंग्लैंड के खिलाफ मैच हारकर गंवा दिया. अब उसका टॉप-4 में पहुंचना पाकिस्तान और श्रीलंका के मुकाबले के नतीजे पर निर्भर है.

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की इस हार ने पाकिस्तान को एक तरह से जीवनदान दे दिया. पाकिस्तान की टीम की नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी जिंदा हैं, जो न्यूजीलैंड की जीत से खत्म हो जातीं. पाकिस्तान की टक्कर ग्रुप के आखिरी सुपर-8 मैच में आज (28 फरवरी) श्रीलंका से है. पाकिस्तान अगर यह मुकाबला जीत भी लेता है तो भी वह टूर्नामेंट से बाहर हो सकता है और न्यूजीलैंड की टॉप-4 में एंट्री हो जाएगी. आइए आपको पूरा समीकरण समझाते हैं. इंग्लैंड पहले ही ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है.

न्यूजीलैंड ने सुनहरा मौका गंवाया
न्यूजीलैंड के पास सेमीफाइनल में पहुंचने का सीधा-सीधा मौका था. इंग्लैंड को हराओ और टॉप-4 में एंट्री पाओ. न्यूजीलैंड इस ओर बढ़ भी रहा था, लेकिन कोलंबो में हुए मुकाबले में रनचेज के दौरान अंतिम ओवरों में इंग्लैंड के रेहान अहमद और विल जैक्स ने बाजी पलट दी. दोनों ने 18वें और 19वें ओवर में चौके-छक्कों की बरसात करते हुए इंग्लैंड की जीत सुनिश्चित कर दी. इस हार से न्यूजीलैंड की उम्मीदें खत्म नहीं हुई हैं, लेकिन अब उसे पाकिस्तान-श्रीलंका मैच के नतीजे का इंतजार करना होगा, जिससे टूर्नामेंट की तीसरी सेमीफाइनलिस्ट टीम तय हो जाएगी.

सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगा न्यूजीलैंड?
ग्रुप-2 में मौजूद न्यूजीलैंड के तीन अंक हैं. पाकिस्तान को मिली हार न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में पहुंचा देगी, क्योंकि पाकिस्तान एक अंक पर ही सिमटकर रह जाएगा. हालांकि, अगर पाकिस्तान को जीत मिलती है तो मामला रनरेट पर आकर अटकेगा. पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराया तो सलमान आगा की टीम ने भी न्यूजीलैंड की तरह तीन-तीन अंक हो जाएंगे. ऐसे में बेहतर रनरेट वाली टीम अगले राउंड में जगह बना लेगी. फिलहाल, न्यूजीलैंड का रनरेट +1.390 है, जबकि पाकिस्तान का -0.461 है.

जीतकर भी बाहर हो जाएगा पाकिस्तान!
पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो उसे श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ जीत नहीं बल्कि बड़ी विक्ट्री चाहिए होगी. समीकरण यह है कि पाकिस्तान अगर पहले बल्लेबाजी करता है तो उसे कम से कम 65 रन से मुकाबला जीतना होगा. वहीं, रनचेज किया तो पाकिस्तान को 13 ओवर के अंदर टारगेट हासिल करना होगा. अगर ऐसा हुआ तो उसका तीन अंक के साथ-साथ न्यूजीलैंड से बेहतर रनरेट हो जाएगा. ऐसे में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टूर्नामेंट की तीसरी टीम बन जाएगी. लेकिन अगर इस गणित को पाकिस्तान की टीम मैनेज नहीं कर पाती है तो उसका सफर यहीं खत्म हो जाएगा.

Related Posts