राहुल गांधी से मिले खास मेहमान, जानिए क्या क्या हुए सवाल, क्यों बने पल सोनिया और प्रियंका के लिए खास

सोनीपत, कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनता तक पहुंचने की कोशिश में हरियाणा के सोनीपत की महिला किसानों से मिलने पहुंचे। इस मुलाकात में राहुल के साथ उनकी मां सोनिया गांधी, और बहन प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं।

इस मुलाकात का एक वीडियो अब सामने आया है जिसमें कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से हरियाणा की महिला किसानों ने बातचीत में कहा कि राहुल की शादी करिए।

इस पर सोनिया ने पलटकर मजेदार जवाब देते हुए महिला किसानों से कहा कि आप उसके लिए लड़की ढूंढिए। इस चर्चा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कहा कि ऐसा होगा। बता दें कि राहुल गांधी ने हाल में हरियाणा की अपनी यात्रा के दौरान महिला किसानों को भोज देने का वादा किया था और इसी वादे को पूरा करते हुए सोनिया गांधी ने हरियाणा के सोनीपत जिले की कुछ महिलाओं को अपने आवास पर दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया था।

इस दौरान एक महिला ने राहुल गांधी को अपने हाथ से खाना भी खिलाया। हल्के-फुल्के माहौल में चर्चा के बीच कांग्रेस महासचिव और राहुल की बहन प्रियंका गांधी ने महिलाओं से कहा कि राहुल मुझसे ज्यादा शरारती था, लेकिन ज्यादा डांट मुझे पड़ती थी।

इससे पहले राहुल गांधी आठ जुलाई को अचानक सोनीपत के मदीना गांव पहुंचे थे। उन्होंने लोगों से बातचीत की और खेतों में काम कर रहे किसानों के साथ वक्त बिताया था। इस दौरान राहुल गांधी ने उन्हें ‘दिल्ली दर्शन’ के लिए बुलाने का वादा किया था। इन लोगों ने कांग्रेस नेता से कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी के इतने करीब रहने के बावजूद वे दिल्ली कभी नहीं गए हैं।

लोगों से इसी मुलाकात के क्रम में राहुल गांधी ने किसान महिलाओं की बातचीत अपनी बहन प्रियंका से कराई थी। इन महिलाओं ने प्रियंका गांधी वाद्रा से उन्हें खाने पर आमंत्रित करने की इच्छा जताई थी। राहुल गांधी ने महिलाओं से मुलाकात के बाद ट्विटर पर एक वीडियो साझा करके कहा, “कुछ बेहद खास मेहमानों से मां, प्रियंका और मेरी मुलाकात का यादगार दिन। सोनीपत की किसान बहनों का दिल्ली दर्शन, उनके साथ घर पर भोजन और ढेर सारी बातचीत। देसी घी, मीठी लस्सी, घर के बने अचार और ढेर सारा प्यार-अमूल्य उपहार मिले।”

Related Posts