लखनऊ, सावन कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाते हुए चार चरणों में रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। पहला डायवर्जन 11 जुलाई सुबह आठ बजे से 14 जुलाई की दोपहर तक रहेगा जबकि दूसरा चरण 18 से 23 जुलाई,तीसरा चरण 25 से 28 जुलाई व अंतिम चरण एक से चार अगस्त तक लागू रहेगा।
इस दौरान हाईवे से डंपर, ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली, निजी बस जैसे भारी वाहन पूरी तरह हटाए जाएंगे, ताकि कांवडियों की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे। रविवार सुबह से सोमवार दोपहर तक हाईवे पर जीरो ट्रैफिक करने का निर्णय भी लिया गया है।
सावन कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। 14 जुलाई को सावन माह का पहला सोमवार है, इसलिए नेशनल हाईवे पर 11 जुलाई की सुबह आठ बजे से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। हाईवे पर निजी बस, डंपर, ट्रक, ट्रैक्टर ट्राली व बड़े माल वाहक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। 14 जुलाई की दोपहर रूट खोल दिया जाएगा। जबकि एक जुलाई को सावन का द्वितीय सोमवार व 23 जुलाई को सावन की शिवरात्रि पर 18 जुलाई से रूट डायवर्ट किया जाएगा, जो 23 जुलाई की रात आठ बजे तक डायवर्ट रहेगा। इसके बाद रूट खोला जाएगा। 28 जुलाई को तृतीय सोमवार के चलते 25 जुलाई से रूट डायवर्ट किया जाएगा, जो 28 जुलाई तक डायवर्ट रहेगा। चार अगस्त को अंतिम सोमवार को कावंड़ यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए एक अगस्त से रूट डायवर्ट किया जाएगा। टीएसआई अनुज मलिक ने बताया कि कांवड़ यात्रा में मुरादाबाद बरेली, रामपुर, संभल, बदायूं और अमरोहा के लाखों श्रद्धालु हरिद्वार व ब्रजघाट से कांवड़ में जल लेकर गंतव्य को लौटते हैं। प्रत्येक सोमवार को मंदिर और शिवालयों में जलाभिषेक किया जाता है। इससे पहले शनिवार और रविवार को शिवभक्त जल लेने जाते हैं, जबकि कुछ भक्त वापस लौटते हैं। पूरे एक महीने चलने वाली कांवड़ यात्रा में शिव भक्तों को किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए हाईवे पर वाहनों के चलने की अनुमति नहीं होगी। मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ जाने वाले सभी वाहन मुरादाबाद व पाकबड़ा से डायवर्ट होंगे। जबकि, दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ आने वाले सभी वाहनों को गढ़मुक्तेश्वर से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा कावंड़ियों की संख्या बढ़ने पर किसी वक्त भी रूट डायवर्जन व जीरो ट्रैफिक किया जा सकता है। इस तरह गुजारे जाएंगे वाहन . रामपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से डायवर्ट कर बिलारी, मुरादाबाद चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा। . मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जनपद मुरादाबाद से बाया संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर, सिकंदरा होते हुए गाजियाबाद, दिल्ली को जाएगा। . चांदपुर से गजरौला होते हुए दिल्ली जाने वाले भारी- हल्के वाहनों को जनपद बिजनौर के जलीलपुर से डायवर्ट कर गांगा पुल से होते हुए हस्तिनापुर, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। . नूरपुर, शिवाला कलां, फीना से अमरोहा की ओर आने वाले भारी वाहनों को नौगावा सादात, अमरोहा की तरफ नहीं भेजा जाए। . संभल से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। कोई भी मालवाहक वाहन गवां की तरफ से हसनपुर नहीं आने दिया जाएगा। . अमरोहा से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी हल्के वाहनों को शिवाला कलां, नूरपुर, बिजनौर, मेरठ, मवाना, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। . गजरौला चौपला से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गजरौला, हसनपुर, रहरा, गवां, अनुपशहर से बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा। . हसनपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को संभल, बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। . दिल्ली-गाजियाबाद से बरेली, लखनऊ जाने वाले वाहनों को लालकुआं की ओर मोडकर दादरी, बुलंदशहर, डिबाई, ननौरा, गुन्नौर, सहसवान, बदायूं होते हुए भेजा जाएगा। . मेरठ से मुरादाबाद से बरेली, लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को बिजनौर, धामपुर, स्योहारा, कांठ, मुरादाबाद होते हुए मुरादाबाद, बरेली भेजा जाएगा।




