समाजवादी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने एनकाउंटर पर उठाये सवाल, सरकार पर कह दी बड़ी बात

लखनऊ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में हो रहे एनकाउंटरों को लेकर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी में फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। कई पुलिस वाले इस समय जेल में हैं।

अखिलेश यादव ने कानपुर में भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपी वकील अखिलेश दुबे का जिक्र किया और कहा कि अगर मुठभेड़ से ही कानून व्यवस्था बेहतर होती तो सरकार अखिलेश दुबे का ‘एनकाउंटर’ क्यों नहीं कर रही है? अखिलेश ने यह भी कहा कि जिस दिन अधिकारियों को लग जाएगा कि उनकी पोल खुलने वाली है, उसी दिन दुबे का भी ‘एनकाउंटर’ हो जाएगा।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि यह सरकार लोगों को मुठभेड़ की घटनाओं से डराना चाहती है, वह इसके जरिए कानून-व्यवस्था नहीं ठीक करना चाहती बल्कि लोगों को डरा कर एक सोच विकसित करना चाहती है कि देखिए हम कानून व्यवस्था को ठीक कर रहे हैं। अखिलेश ने राज्य सरकार पर पुलिस के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि जब पुलिस का सियासी उपयोग होगा तो कानून-व्यवस्था कौन देखेगा, परिणाम है कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था इस कदर बिगड़ी हुई है।

विप चुनाव में कांग्रेस-सपा अलग अलग क्यों

वहीं, यूपी में होने जा रहे विधान परिषद चुनाव में सपा-कांग्रेस के अलग अलग लड़ने के सवाल का भी सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जवाब दिया। अखिलेश ने कहा कि यह बहुत निजी स्तर का चुनाव होता है। हमारा गठबंधन है और रहेगा। हम इस गठबंधन को और मजबूत करेंगे। उसके लिए हम लोग लगातार काम करेंगे।

बिहार में जो बुलाएगा हम जाएंगे

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने कार्यक्रम के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि बिहार में जो बुलाएगा, हम जाएंगे। हमने कहा कि हम समाजवादियों और यहां की जनता ने भाजपा को अवध में हराया। अब बिहार के लोगों की जिम्मेदारी है कि वे हमारी मदद करें।

Related Posts