रोडवेज कंडक्टर का लिव इन रिलेशन में रहना पड़ गया भारी, शव फंदे पर लटका मिला, महिला फरार;

मैनपुरी,  एक महिला के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहे रोडवेज के परिचालक का शव फंदे पर लटकता मिला। जिस महिला के साथ रह रहा था वह फरार है। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मूल रूप से कन्नौज के पलिया कुंचपुर निवासी सुशील दुबे (50) पिछले करीब तीन साल से बेवर थाना क्षेत्र के मोहल्ला काजीटोला में किराए पर रह रहा था। शनिवार की रात सुशील ने घर के कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी होने के बाद घर में अफरा तफरी मच गई।

सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जंगला काट कर शव को फंदे से उतारा। जानकारी मिलने के बाद मृतक की मां निर्मला देवी भी आ गईं। पता चला कि वर्ष 2017 में सुशील की पत्नी की मौत हो चुकी है। उसके दो बच्चे हैं जो कि अपने दादा दारी के पास रहते हैं। तीन साल से वह वे पूर्वांचल की रहने वाली सुमन नाम की एक महिला के साथ किराए के मकान में लिव इन रिलेशन में रह रहा था।

शनिवार रात वह ड्यूटी करने के बाद घर आया था। फौती तहरीर के आधार पर पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता लग सकेगा। उसी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

पुलिस ने मोहल्ला काजीटोला पहुंच कर सुशील दुबे के शव को फंदे से उतारा। इस दौरान तीन साल से लिव इन रिलेशन में रह रही महिला भी नजर आई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने को लेकर कार्रवाई शुरू की। इस बीच महिला कहीं चली गई। महिला के अचानक गायब होने के बाद चर्चाएं हो रहीं हैं।

Related Posts