उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी ने ली शपथ

नई दिल्ली, पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। धामी उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने राजभवन में पद की शपथ ली। इसके साथ ही सतपाल महराज, हरक सिंह रावत, वंशीधर, यशपाल आर्य ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, पूर्व मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री रह चुके सतपाल महाराज और हरक सिंह रावत जैसे कुछ नेता पार्टी आलाकमान से शनिवार से नाराज बताए गए। पार्टी मामलों के प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम प्रदेश पार्टी अध्यक्ष मदन कौशिक के साथ यमुना कॉलोनी स्थित उनके आवास में नेताओं की नाराजगी दूर करने के प्रयास में लगे हैं जिससे शपथ ग्रहण समारोह में कोई विघ्न न आए।

इससे पहले उत्तराखंड में नामित किए गए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले रविवार को अपना ज्यादातर समय अपनी पार्टी के असंतुष्ट नेताओं को मनाने में बिताया।

धामी भी खुद सतपाल महाराज से मिले और उन्हें गुलदस्ता भेंट किया। ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने महाराज को मना लिया है। हालांकि, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि पार्टी में कोई नाराज नहीं है और सब लोग पार्टी के निर्णय के साथ एकजुट होकर खड़े हैं।

Related Posts