केवल 36 लाख लूटे थे, बैंक मैनेजर ने क्यों बताए 40 लाख, एक्सिस बैंक में लूट करने वाला अमरजीत बोला

लखनऊ, एक्सिस बैंक से 40 लाख की लूट के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में लिलोन के 50 हजार के इनामी अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कर्ज के 38 लाख रुपए चुकाने की खातिर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

आरोपी के पास से लूटे गए रुपयों में से 30 लाख 20 हजार रुपए और तमंचा बरामद किया गया है। अमरजीत का कहना है कि उसने 36 लाख लूटे थे, जबकि बैंक मैनेजर ने 40 लाख बता दिए। पुलिस अब इसकी जांच कर रही है।

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि लूट प्रकरण में 8 टीमों को लगाया हुआ था। आरोपी पर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। आरोपी अमरजीत को शामली से गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि उसने ट्रक खरीदा था, जिस कारण उस पर 38 लाख का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने एक अक्तूबर को वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद वह गांव में अपने नलकूप पर चला गया था, जहां पर उसने कपड़े बदले और रुपयों को घर के अन्दर ही रख दिया। डीआईजी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की बात कही है।

25 को भी बैंक में लूट का किया था प्रयास
आरोपी अमरजीत ने पूछताछ में बताया कि उसने 25 सितंबर को बैंक की रेकी की थी। साथ ही लूट का भी प्रयास किया था। बिना मास्क लगाए ही वह बैंक में रेकी की थी। भीड़ अधिक होने का कारण वह लूट में सफल नहीं हो सका था। बाद में 1 अक्टूबर को उसने वारदात को अंजाम दिया।

डीआईजी ने बताया कि अमरजीत का कहना है कि उसने 36 लाख रुपए लूटे थे, जबकि बैंक मैनेजर ने 40 लाख लूटने की बात कही थी। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

Related Posts