लखनऊ के 2 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अल्टीमेटम, जल्द कीजिये ये काम नहीं तो काट दी जाएगी बिजली

लखनऊ, अगर आपके परिसर में प्रीपेड मीटर लगा है और वह इस वक्त माइनस में चल रहा है तो कार्यालय दिवस में किसी भी वक्त बिजली जा सकती है, क्योंकि बिजली विभाग ने बकाएदारों पर सख्ती शुरू कर दी है।

राजधानी में करीब दो लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर किए जा चुके हैं। इनमें एक बड़ी संख्या ऐसे उपभोक्ताओं की है जो बिजली का प्रयोग तो कर रहे हैं, लेकिन रिचार्ज उतना नहीं करते, जितने की बिजली खर्च करते हैं।

यह स्थिति तब है, जब बिजली विभाग ऐसे प्रीपेड उपभोक्ताओं को पंजीकृत मोबाइल नंबर पर टेक्स्ट मैसेज भेज रहा है। उपभोक्ता उसकी अनदेखी कर रहे हैं। सोमवार से ऐसे उपभोक्ताओं की बिजली सभी जोन में अभियान चलाकर काटी जाएगी।

लखनऊ मध्य के मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल ने बताया कि बकाएदारों को कई बार फोन करके बिल जमा करने का आग्रह किया जा चुका है। महीनों का समय दिया जा चुका है।

अब ऐसे बकाएदारों के कनेक्शन काटने का काम शुरू कर दिया गया है। जानकीपुरम जोन के मुख्य अभियंता वीपी सिंह ने बताया कि जो बिजली खर्च कर रहे हैं, उन्हें राजस्व भी देना चाहिए।

उन्होंने बताया कि सामान्य स्मार्ट मीटर के भी उपभोक्ता हैं और बकाया है तो जमा कर दें। सोमवार से ऐसे उपभोक्ताओं की बिजली भी कटेगी। यही अभियान अमौसी जोन व गोमती नगर जोन में भी चलेगा।

बैलेंस पाजिटिव होते ही सप्लाई स्वत: हो जाएगी चालू

अभियंताओं का कहना है कि जिन प्रीपेड उपभोक्ताओं के कनेक्शन बकाए पर कटते हैं, वे जैसे ही बैलेंस पाजिटिव करते हैं बिजली आ जाएगी।

अगर 30 मिनट तक बैलेंस को पाजिटिव करने के बाद भी बिजली नहीं आती है तो उपभोक्ता मोबाइल नंबर 9911796193 पर संपर्क कर सकते हैं। यह नंबर यूपीपीसीएल द्वारा जारी किया गया है।

Related Posts