मुंबई, बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना (Shiv Sena) को टूटे हुए आज एक वर्ष पूरा हो गया है। बता दें कि 20 जून को ही एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) से बगावत की थी और इसी वजह से उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र के सीएम का पद छोड़ना पड़ा था।
शिंदे गुट ने बाद में भारतीय जनता पार्टी से हाथ मिलाया और राज्य के सीएम पद पर काबिज हो गए। उद्धव ठाकरे गुट के नेता अब 20 जून को विश्व गद्दार दिवस (World Traitor Day) घोषित करने की मांग कर रहे हैं। इसी के लिए शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) ने संयुक्त राष्ट्र को चिट्ठी लिखी है। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि देश के पीएम, गृह मंत्री और केंद्र सरकार देशद्रोह को बढ़ावा दे रहे हैं।
क्या लिखा पत्र में
राज्यसभा के सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव को पत्र लिखकर कहा कि जैसे हर साल 21 जून को विश्व योग दिवस (World Yoga Day) के रूप में मनाया जाता है, उसी तरह 20 जून को विश्व गद्दार दिवस के रूप में सेलिब्रेट किया जाए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के लोगों ने भी जून 2022 में गद्दारी का एक रूप देखा था। इसकी वजह से महा विकास अघाड़ी सरकार बिखर गई थी। उस समय इसका नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे कर रहे थे।
#WATCH | Our PM, Home Minister and Central Government are promoting traitorship. On this day 40 of our MLAs left the party. It should be declared as 'International Traitor Day'. PM is going to the USA, so he should tell United Nations about it and announce 'International Traitor… pic.twitter.com/dNLITtqm3M
— ANI (@ANI) June 20, 2023
इसके साथ ही, आज संजय राउत ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और केंद्र सरकार देश में देशद्रोह को बढ़ावा दे रहे हैं। आज ही के दिन हमारे 40 विधायकों ने पार्टी छोड़ दी थी। इसे ‘विश्व गद्दार दिवस’ घोषित किया जाना चाहिए। पीएम की अमेरिकी यात्रा को लेकर कहा कि मोदी आज यूएसए जा रहे हैं, इसलिए उन्हें इसके बारे में संयुक्त राष्ट्र को भी बताना चाहिए और विश्व गद्दार दिवस की घोषणा कर देनी चाहिए।
विरोध करने को लेकर पुलिस ने दी चेतावनी
एक साल पहले टूटी हुई शिवसेना के 40 विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद आज शिवसेना यूबीटी (Shiv Sena UBT) के कार्यकर्ता और नेता महाराष्ट्र में कई जगह विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रहे हैं। इसी को देखते हुए मुंबई पुलिस ने उद्धव ठाकरे गुट और एनसीपी (NCP) के कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर कानून व्यवस्था की स्थिति को प्रभावित नहीं करने की चेतावनी दी है। अगर ऐसा किया जाएगा तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।




