पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है जन्माष्टमी का त्यौहार , मथुरा, जयपुर और केरलम के मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब

नई दिल्ली, आज पूरे देश में जन्माष्टमी बहुत उत्साह के साथ मनाई जा रही है। भक्त मंदिरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं और भगवान श्री कृष्ण के जन्म के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष आयोजनों में शामिल भी हो रहे हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस त्योहार पर सभी को बधाई हुए X पर लिखा, “आप सभी को जन्माष्टमी की अनेकानेक शुभकामनाएं। भगवान श्री कृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है। उनकी भक्ति और उपासना को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करे, यही कामना है। जय श्री कृष्ण!”

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि का माहौल उत्सव के रंग में रंगा हुआ है। इस त्योहार के लिए जगह को खास तौर पर रोशन और सजाया गया है। श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर में ‘मंगला आरती’ और विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आज मथुरा में भगवान के दर्शन किए। इस मौके पर उन्होंने वहां मौजूद श्रद्धालुओं पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं। मुख्यमंत्री योगी ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर मथुरा जिले के वृंदावन में ‘कान्हा भक्ति स्तंभ’ का उद्घाटन भी किया।

पंजाब के अमृतसर जिले के श्री दुर्ग्याणा मंदिर में भी जन्माष्टमी का पर्व बड़े उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। सुबह से ही ढेरों भक्त दर्शन और प्रार्थना के लिए यहाँ एकत्र हुए हैं। राजस्थान के भरतपुर जिले में स्थित श्री बांके बिहारी जी मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं। मथुरा जिले के बांके बिहारी मंदिर में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। जयपुर के श्री गोविंद देव जी मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त इकट्ठा हुए हैं। केरलम के तिरुवनंतपुरम जिले में श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर और अलाप्पुझा जिले में अंबालापुझा श्री कृष्ण स्वामी मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। मणिपुर के इम्फाल में भी जन्माष्टमी मनाने के लिए भक्त गोविंदजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर में इकट्ठा हुए।

Related Posts