खान सर कैसे बन गए हीरो से विलेन, उत्तर प्रदेश के देवरिया से पटना तक का सफर, गिरफ़्तारी की लटकती तलवार

पटना, खान सर एक बड़ा के नाम जो पढ़ाने के देसी अंदाज से पूरे देश में छा गया. बंद कोठरी से हुई शुरुआत को यूट्यूब ने आंदोलन बनाकर रख दिया. लोकप्रियता इतनी कि एक झलक पाने को हजारों की हुजूम इकट्ठी हो जाए.

जब ऑनलाइन क्लास शुरू हो तो रीयल टाइम फॉलो करने वाले लाखों में हो जाएं. हर मंच से एक ही सपना दिखाते – कोई गरीब मेरे दर पर आए तो सिर्फ गरीबी के कारण उसके सपने को नहीं मरने देंगे. होमगार्ड-सिपाही भर्ती से लेकर यूपीएसएसी करने वालों के बीच खान सर. कहते हैं न सफलता का शॉर्ट कट सब जानना चाहते हैं. तो जैसे ही कोई सफल कैंडिडेट खान सर का नाम लेता है, लाखों युवा उनके फैन बनते हैं. उस खान सर को आज फैजल खान कहा जा रहा है. नाम पूरा लिखने या बोलने में दिक्कत नहीं है लेकिन सर हट जाने और नाम का पहला शब्द जुड़ जाने के बाद ऐसा लग रहा मानो सबकुछ बदल गया हो. फैजल खान फरार हैं. उन्हें खोजने के लिए पांच अफसरों की टीम बनी है जिसमें दो डीएसपी और तीन एसएचओ शामिल हैं. खान सर से फैजल खान बनने का सफर हीरो से विलेन तक के सफर को बयां करता है.

मामला 2 जून 2026 की रात का है. पटना के खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर हुए हंगामे के दौरान खान सर ने अपने सुरक्षा गार्डों को भीड़ को डराने और भगाने के लिए फायरिंग करने का निर्देश दिया. कदमकुआं पुलिस की एफआईआर के मुताबिक इस घटना में उनके गार्डों द्वारा राइफल से कई राउंड गोलियां चलाई गईं जिससे इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस का कहना है कि यह फायरिंग अवैध तरीके से की गई और इससे लोगों में भय और अफरातफरी का माहौल बना. साथ ही उन पर अपने संस्थान और स्टाफ के जरिए हिंसक प्रतिक्रिया को बढ़ावा देने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया गया है. लेकिन जब कोई विलेन बनता है तो कुंडली के सारे सर्पयोग सक्रिय हो जाते हैं. अब एफआईआर से इतर मामले भी सामने आ रहे हैं. एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें फैजल खान एक स्टूटेंड को गाली देते हुए सुनाई दे रहे हैं. स्टूडेंट जो भी हो, उसने सिंगर नाम से खान सर का व्हाट्सएप्प ग्रुप जॉइन किया. उसे गाली देते हुए फैजल खान कहते हैं कि सिंगर हो ही, फैमिली से दो महिलाओं को नचवा दो , किसी नौकरी से ज्यादा पैसा मिलेगा.

 

क्या पता अदालत में जब फैजल खान को पेश किया जाए, तो कितने गड़े हुए मुर्दे निकल आएं. फिलहाल तो उनकी कोशिश अग्रिम जमानत पाने की है ताकि जेल की गर्म हवा से बच जाएं और कोचिंग साम्राज्य भी बच जाए. कालिख तो लग चुकी है. भले ही उनके वकील फंसाए जाने का आरोप लगा रहे हैं.

खान सर का उदय
उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक तहसील है भाटपार रानी. यहीं खान सर का जन्म हुआ और बचपन बीता. वे परमार मिशन स्कूल में पढ़ते थे. बाद में उनके पापा बशीर खान परिवार समेत पटना में बस गए. फैजल खान का सपना आर्मी जॉइन करना था. उनके बड़े भाई खुद कमांडो हैं. खान सर अपनी वीडियो में दावा कर चुके हैं कि वो भी एनडीए पास कर गए थे लेकिन फिजिकल में हाथ की एक मेडिकल समस्या के कारण छांट दिए गए. उनकी मानें तो छात्र जीवन में ही परिवार को सपोर्ट करने के लिए उन्होंने वेल्डिंग का काम किया और जेसीबी भी चलाई. बाद में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से खान सर ने बीएससी और भूगोल में एमए की डिग्री हासिल की.

2010 में फैजल खान ने मुसल्लाहपुर, पटना में कोचिंग सेंटर खोला.तब वो खुद दीवारों पर प्रचार के पोस्टर चिपकाते थे. फिर क्लास में दो-दो हजार बच्चे आने लगे तो कई टीवी स्क्रीन लगवाए. 2019 में यूट्यूब पर आए और कोरोना लॉकडाउन में इंटरनेट पर छा गए. काम इतना बढ़ा कि 2021 में खान ग्लोबल स्टडीज के नाम से ऐप्प लॉच किया और इसे प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में तब्दील कर दिया.

आज खान सर करोड़ों के मालिक हैं. कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 40 करोड़ है. कमाई का जरिया क्या है.

  1. यू-ट्यूब चैनल (Khan GS Research Centre) – इसके 2.5 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं. यहां विज्ञापन, ब्रैंड पार्टनरशिप और सुपर चैट से हर महीने 20 लाख रुपए की कमाई होती होगी
  2. कोचिंग सेंटर (Khan Global Studies) – पटना के मुसल्लापुर में ऑफ लाइन कोचिंग सेंटर है. ये सच है कि वो गरीब छात्रों से कम फीस लेते हैं. लेकिन छात्रों की भारी संख्या के कारण टर्नओवर बढ़िया है.
  3. स्टडी मटीरियल – उनके नोट्स और किताबों की शानदार बिक्री है जिसकी रॉयल्टी उनके खाते में जाती है.

लेकिन अब हालात बदलते दिख रहे हैं. पिछले साल जिस खान सर की शादी में गवर्नर तक पहुंचे वो फैजल खान अब कानून के शिकंजे में हैं. उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर और उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की सक्रियता ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. कुछ लोग इसे कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा का नतीजा मान रहे हैं,तो कुछ इसे कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बता रहे हैं. इस पूरे घटनाक्रम ने एक बात जरूर साबित कर दी है. लोकप्रियता जितनी तेजी से मिलती है, उतनी ही तेजी से सवालों के घेरे में भी आ सकती है. आज एक अपराधी की तरह फैजल खान की तलाश हो रही है.

Related Posts