पटना के पारस अस्पताल में कैसे हुआ शूटआउट ? 5 शूटर आए और गोलियां बरसा कर भाग गए

पटना, पारस अस्पताल में इलाजरत चंदन मिश्रा को गोलियों से भून डालने वाले शूटरों का CCTV फुटेज अब सामने आया है। इसमें चार अपराधी टोपी पहने दिख रहे हैं। शूटआउट के बाद सभी अस्पताल से निकलते हुए भी नजर आ रहे हैं।

वीडियो में नजर आ रहा है कि कुल पांच अपराधी बड़े ही आराम से अस्पताल के अंदर टहलते हुए चंदन मिश्रा के वार्ड की तरफ बढ़ रहे हैंं। यह अपराधी जैसे ही चंदन मिश्रा के वार्ड के करीब आते हैं वो अपने-अपने हथियार (बंदूक) निकाल लेते हैं। इसके बाद वो बड़ी ही आसानी से चंदन मिश्रा के वार्ड में घुसकर उसपर गोलियां चलाते हैं।

वीडियो में दिख रहा है कि पारस अस्पताल के वार्ड में शूटआउट के बाद चार अपराधी वहां से दौड़ कर सीढ़ियों के पास जाते हैं जबकि एक शख्स आराम से सीढ़ियों तक चलकर जाता है। वीडियो में इन अपराधियों में से एक अपराधी का चेहरा तो बिल्कुल साफ-साफ नजर आ रहा है। यह भी नजर आ रहा है कि कुछ ही पलों में इन शूटरों ने इस वारदात को अंजाम दिया और फिर भाग गए। लेकिन पूरे वीडियो में पारस अस्पताल प्रबंधन का कोई भी शख्स वहां आसपास नजर नहीं आ रहा है। बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त चंदन के साथ उसके दो दोस्त भी मौजूद थे। इनमें से एक को बाथरूम में भागने के दौरान छर्रा भी लगा है।

चंदन मिश्रा की सरेआम अस्पताल में घुसकर हुई हत्या के बाद चंदन के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा भी किया है। चंदन के परिजनों में पुलिस और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। आपको बता दें कि बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया और पुलिस को खुलेआम चुनौती दे दी। सुबह के वक्त अपराधी पटना के भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित प्रतिष्ठित अस्पताल पारस में घुसे और वहां इलाज करा रहे चंदन मिश्रा को गोलियों से छलनी कर फरार हो गए। इस वारदात से पूरे इलाके में जहां सनसनी फैल गई वहीं घटना के बाद पटना में लॉ एंड ऑर्डर पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतक चंदन मिश्रा को एक से ज्यादा गोली मारने की बात सामने आ रही है। पटना पुलिस की तरफ से जानकारी दी गई है कि चंदन मिश्रा खुद भी एक सजायाफ्ता था। उसे आजीवन कारावास की सजा मिली हुई थी। चंदन मिश्रा मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले का रहने वाला था। फिलहाल वो पैरोल पर था और अपना इलाज करवाने के लिए पटना के पारस अस्पताल में भर्ती था।

चंदन मिश्रा के मारने वाले शूटर बड़े ही आराम से हथियार के साथ अस्पताल में घुस गए और फिर फरार भी हो गए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पारस अस्पताल में भी सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। चंदन मिश्रा के बारे में पुलिस ने बताया है कि उसपर दर्जनों हत्या के केस भी दर्ज थे। पुलिस को शक है कि उसके विरोधी गुट के लोगों ने ही उसकी हत्या करवाई है। चंदन मिश्रा पर चुना कारोबारी राजेंद्र कुमार की हत्या सहित बक्सर और डूमराव थाने में करीब 25 केस दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारी का कहना है कि अपराधी वारदात को अंजाम देकर बक्सर की तरफ भागे हैं। आशंका है कि आपसी रंजिश या गैंगवार में वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पटना में इस सनसनीखेज वारदात के बाद से सनसनी मच गई है। कई राजनीतिक पार्टी के नेताओं ने भी इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

Related Posts