गुवाहाटी, असम विधानसभा चुनाव के रण में रविवार को एक ऐसा धमाका हुआ जिसने गुवाहाटी से लेकर दिल्ली तक के सियासी गलियारों में आग लगा दी है। कांग्रेस के दिग्गज नेता पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा और उनके परिवार पर वो आरोप लगाए हैं, जिनकी कल्पना भी शायद किसी ने नहीं की होगी।
पवन खेड़ा ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री की पत्नी के पास एक-दो नहीं, बल्कि तीन-तीन देशों के पासपोर्ट हैं और वे भारत छोड़कर भागने की तैयारी में हैं। चुनाव के बीच आए इस ‘पासपोर्ट बम’ ने वोटरों के बीच खलबली मचा दी है, वहीं मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने भी इस पर ऐसा पलटवार किया है कि अब यह लड़ाई सीधे अदालत की दहलीज तक पहुंच गई है।
तीन देशों के पासपोर्ट और ‘गोल्डन कार्ड’ का सनसनीखेज दावा
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने दस्तावेजों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की पत्नी के पास यूएई (UAE), एंटीगुआ और मिस्र (Egypt) जैसे देशों के पासपोर्ट और रेजिडेंसी कार्ड हैं। खेड़ा ने सवाल उठाया कि आखिर एक सिटिंग मुख्यमंत्री के परिवार को इतने देशों के पासपोर्ट की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने दावा किया कि यूएई का ‘गोल्डन कार्ड’ मार्च 2022 में जारी हुआ था जो 2027 तक वैध है। कांग्रेस का सीधा आरोप है कि भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोपों से घिरी यह सरकार चुनाव हारने के डर से विदेश भागने का रास्ता तैयार कर रही है। खेड़ा ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बताते हुए गृह मंत्री अमित शाह से तुरंत जांच की मांग की है और मुख्यमंत्री की पत्नी की भारतीय नागरिकता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
‘हार के डर से बौखला गई है कांग्रेस’
इन गंभीर आरोपों के चंद घंटों बाद ही मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने मोर्चा संभाला और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पवन खेड़ा के दावों को पूरी तरह ‘झूठ का पुलिंदा’ और ‘राजनीति से प्रेरित’ करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम की जनता कांग्रेस को नकार चुकी है और चुनाव में मिलने वाली ऐतिहासिक हार के डर से पार्टी अब उनके परिवार को निशाना बना रही है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि कांग्रेस की हताशा अब उनके बयानों में साफ झलक रही है, क्योंकि उन्हें पता है कि भाजपा 100 से ज्यादा सीटें जीतकर दोबारा सत्ता में आने वाली है।
अब अदालत में होगा फैसला
यह मामला सिर्फ जुबानी जंग तक सीमित नहीं रहने वाला है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने ऐलान कर दिया है कि वे और उनकी पत्नी अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि (Defamation) का केस दर्ज कराएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा रखते हैं और पवन खेड़ा को अपने इन ‘लापरवाह’ बयानों के लिए कानून के सामने जवाबदेह होना पड़ेगा। उन्होंने असम की जनता को भरोसा दिलाया कि वे इस तरह के दुष्प्रचार से गुमराह न हों। अब देखना यह होगा कि क्या कांग्रेस इन आरोपों को साबित करने के लिए और पुख्ता सबूत पेश करेगी या फिर अदालत में मुख्यमंत्री का पलड़ा भारी रहेगा।




