तेज़ रफ्तार कार ने ऑटो को मारी ज़ोरदार टक्कर, ड्राइवर सहित 5 लोगों की हुई मौत, ऑटो के उड़े परखच्चे

आगरा, खेरागढ़-सैंया मार्ग पर सोमवार रात को चालक ने नशे में कार दौड़ा ऑटो को रौंद दिया। भीषण टक्कर के चलते ऑटो के परखच्चे उड़ गए। उसमें बैठे पिता-पुत्र और चालक समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई।

पांच सवारियां घायल हो गईं। ग्रामीणों ने ऑटो में फंसी सवारियों को बाहर निकाला। अस्पताल में भर्ती कराया। चालक के साथ शराब पीने वाले उसके दो साथियों को पुलिस ने रात एक बजे पकड़ लिया।

घटना रात करीब 11 बजे की है। खेरागढ़ से ऑटो में 10 सवारियां सैंया की ओर आ रहीं थीं। पेट्रोल पंप के पास सामने से आती तेज रफ्तार कार ने ऑटो को रौंद दिया। ऑटो में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई।

मौके पर पहुुचे ग्रामीणाें ने ऑटो में फंसी सवारियों को बाहर निकाला। एसीपी महेश कुमार ने बताया चिकित्सकों ने 38 वर्षीय ऑटो चालक भोला समेत तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य की रात एक बजे उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मृतकों के नाम बृजमोहन शर्मा, मनोज शर्मा, जय प्रकाश उनके 12 वर्षीय पुत्र वरुण हैं।

 

पुलिस के अनुसार छानबीन में सामने आया कि कार चालक बंटी ने खेरागढ़ में अपने दो साथियों पिंकू और बनिया के साथ शराब पार्टी की थी। दोनों को गांव में छोड़कर कार से घर जा रहा था। चालक बंटी नशे में था। एसीपी ने बताया कि पिंकू और बनिया को पकड़ लिया। कार चालक बंटी की तलाश की जा रही है।

Related Posts