31 जनवरी 1, 2 और 3 फरवरी तक भारी बारिश, इन राज्यों में बर्फबारी, पश्चिमी विक्षोभ का असर

नई दिल्ली, आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि हिमालयी इलाके में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकते हैं.

इसके कारण 31 जनवरी से लेकर 3 फरवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं कहीं भारी बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है. उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के आस-पास के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

30 जनवरी के बाद फिर एक्टिव होगा मौसम

स्काईमेट वेदर की एक रिपोर्ट के मुताबिक 30 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ वेस्टर्न हिमालयी इलाकों में एंट्री कर सकता है. इसके असर से 31 जनवरी की सुबह से जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश हो सकती है, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के पूरी तरह एक्टिव होने के बाद बारिश का दायरा बढ़कर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत पश्चिमी हिमालयी के कई इलाकों तक फैल जाएगी. कुछ मैदानी इलाकों में भी बारिश का दौर फिर से शुरू हो सकता है.

बारिश, बर्फबारी के साथ तेज हवा चलने की संभावना

  • 1 और 2 फरवरी को मध्य प्रदेश और 2 फरवरी को छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
  • 31 जनवरी और 1 फरवरी को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में गरज, बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है.
  • 1 फरवरी को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में और 2 फरवरी तक उत्तराखंड में भी गरज चमक के साथ बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है.
  • 31 जनवरी से 03 फरवरी के दौरान राजस्थान में गरज और बिजली के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.

न्यूनतम तापमान में आ सकता है बदलाव

भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होगी और उसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. वहीं मध्य भारत में भी न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. आईएमडी के मुताबिक अगले 4 दिनों के दौरान महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है.

घने कोहरे, शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. 31 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार और 1 फरवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. 30 और 31 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है.

Related Posts