कोलकाता , South Africa vs New Zealand, ICC T20 World Cup 2026: फिन ऐलन ने इतिहास रच दिया है. वह आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं.
जारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमी फाइनल मुकाबला बुधवार (चार मार्च) को दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच कोलकाता में खेला गया. जहां विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऐलन प्रचंड लय में नजर आए. उन्होंने पारी का आगाज करते हुए कुल 33 गेंदों का सामना किया. इस बीच 303.03 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 100 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से 10 चौके और आठ खूबसूरत छक्के देखने को मिले.
फिन ऐलन ने क्रिस गेल को छोड़ा पीछे
फिन ऐलन से पहले यह बड़ा रिकॉर्ड वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल का नाम दर्ज था. जिन्होंने 2016 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ शिरकत करते हुए वानखेड़े स्टेडियम में 47 गेंदों में शतक बनाए थे. उसे दौरान वह कैरेबियन टीम की तरफ से 48 गेंद में 208.33 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 100 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे. इस मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम को 11 गेंद शेष रहते छह विकेट से बड़ी जीत मिली थी.
न्यूजीलैंड ने फाइनल में किया प्रवेश
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली इस बड़ी जीत के साथ ही न्यूजीलैंड की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है. कोलकाता में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाने में कामयाब हुई थी. सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए मार्को यानसन सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 30 गेंद में 55 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंदों में 34 रनों का योगदान दिया.
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए फिन ऐलन ने 33 गेंद में नाबाद 100 रनों की पारी खेली. उनके अलावा उनके साथी सलामी जोड़ीदार टिम साइफर्ट ने 33 गेंदों में 58 रनों का योगदान दिया. तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए रचिन रविंद्र 11 गेंद में 13 रन बनाकर नाबाद रहे.




