कर्तव्यनिष्ठा : उत्तर प्रदेश में डीएम-एसएसपी के काफिले को होमगार्ड ने रोका, परिचय देने के बाद भी जाने नहीं दिया, जानिए फिर क्या हुआ..

मथुरा, उत्तर प्रदेश के मथुरा में मुड़िया मेले के निरीक्षण को ई रिक्शा से निकले डीएम-एसएसपी के काफिले को परिक्रमा मार्ग में प्रवेश करने से एक होमगार्ड ने बागड़ी प्याऊ तिराहे पर रोक दिया। उन्होंने अपना परिचय भी दिया लेकिन होमगार्ड ने कहा कि ई रिक्शा परिक्रमा मार्ग में प्रतिबंधित हैं।

इसके बाद काफिले ने रास्ता बदल दिया। होमगार्ड की ड्यूटी से प्रसन्न होने पर एसएसपी श्लोक कुमार ने होमगार्ड को सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार का काफिला निरीक्षण के लिए ई रिक्शाओं से चल रहा था। एक ई रिक्शा पर डीएम और एसएसपी बैठे थे। यह काफिला जब बागड़ी प्याऊ तिराहे पर पहुंचा तो वहां ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने ई रिक्शा को आगे जाने से रोक दिया। होमगार्ड को बताया गया कि ई रिक्शा में डीएम-एसएसपी हैं जो निरीक्षण के लिए निकले हैं लेकिन होमगार्ड ने यह कहते हुए ई रिक्शा आगे जाने से रोक दिया कि आदेश हैं कि परिक्रमा मार्ग में ई रिक्शा नहीं चलेंगे। इस बात पर डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार दोनों होमगार्ड की कर्तव्यनिष्ठा से प्रसन्न हुए और ई रिक्शा के काफिले का रास्ता बदल दिया।

होमगार्ड की ड्यूटी के प्रति निष्ठा की लोग तारीफ कर रहे हैं। उधर डीएम-एसएसपी द्वारा भी होमगार्ड की तारीफ करते हुए रास्ता बदल लेने की भी प्रशंसा हो रही है। लोगों का कहना है कि बिना किसी नाराजगी या विशेषाधिकार का प्रदर्शन किए दोनों अधिकारी तुरंत दूसरी दिशा में मुड़ गए और निरीक्षण कार्य जारी रखा।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि ड्यूटी पर लगे सभी को आदेश थे कि परिक्रमा मार्ग में ई रिक्शा नहीं चलेंगे। होमगार्ड ने अधिकारियों को रोककर अपनी ड्यूटी को सही अंजाम दिया है। होमगार्ड प्रशंसा का पात्र है। होमगार्ड को मीटिंग में सम्मानित किया जाएगा।

Related Posts