



नई दिल्ली, मार्च से रमजान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है और दुनिया भर के मुसलमान इसकी तैयारी में लगे हुए हैं। सऊदी अरब को इस्लाम का केंद्र माना जाता है और हर साल यहां की सरकार रमजान के मौके पर कई गरीब देशों को जकात (दान) देती है, इसके साथ ही सऊदी अरब से दुनियाभर में तोहफे भी भेजे जाते हैं।
हर साल की परंपरा को जारी रखते हुए सऊदी किंग सलमान ने आगामी रमजान के दौरान 102 देशों में खजूर बांटने के कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। इस साल पिछले साल से 200 टन ज्यादा यानी 700 टन खजूर दूसरे देशों को भेजे जाएंगे। इस कार्यक्रम की देखरेख सऊदी के इस्लामिक मामलों के मंत्रालय द्वारा की जा रही है।
किंग सलमान की ओर से जताया आभार
सऊदी इस्लामिक मामलों के मंत्री ने दुनिया भर के मुसलमानों को खासकर रमजान के दौरान लगातार समर्थन देने के लिए किंग सलमान की ओर से आभार जताया। उन्होंने इस्लामी मूल्यों को बढ़ावा देने और नफरत, उग्रवाद और कट्टरता से निपटने के लिए किंगडम की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। मंत्रालय ने खजूर की खेप के लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है और इसे धार्मिक संदेशों के साथ दुनिया भर में सऊदी दूतावासों, इस्लामी केंद्रों और संगठनों को भेजा जा रहा है।
खजूर के कई स्वास्थ्य लाभ हैं, लेकिन इस्लाम में इसका विशेष महत्व है। रमजान में उपवास के दौरान, मुसलमान खजूर के साथ अपना उपवास तोड़ना पसंद करते हैं और इसे सुन्नत कहा जाता है।
खजूर उत्पादक देश
खाड़ी देशों में खजूर का उत्पादन बड़ी मात्रा में होता है। मिस्र दुनिया का सबसे बड़ा खजूर उत्पादक देश है, इसके बाद सऊदी अरब, अल्जीरिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात का स्थान आता है। सबसे अच्छे खजूर सऊदी अरब के मदीना क्षेत्र से आने वाले अजवा खजूर माने जाते हैं और भारतीय बाजार में इसकी कीमत 2,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक है।