Ambedkar Jayanti Live: राजधानी लखनऊ में आंबेडकर जयंती पर मायावती का शक्ति प्रदर्शन, बीजेपी-सपा का भी मेगा इवेंट

लखनऊ. डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी ने राजधानी में भव्य शक्ति प्रदर्शन की तैयारी की है. मंगलवार को लखनऊ में पार्टी का मुख्य कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, जिसमें प्रदेश भर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुट रहे हैं.

बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती सुबह मॉल एवेन्यू स्थित अपने आवास पर बाबा साहेब की प्रतिमा या चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी. इसके बाद वह पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश भी जारी करेंगी. उधर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित वोट बैंक को साधने के लिए सपा और बीजेपी के लिए भी अबाब साहेब राजनीतिक मजबूरी बन गए हैं. बसपा के साथ ही सपा और बीजेपी भी उनकी जयंती पर मेगा इवेंट्स आयोजित कर रही हैं.

दरअसल, ऐसा माना जा रहा है कि अंबेडकर जयंती से 2027 के विधानसभा चुनाव का औपचारिक शंखनाद भी हो जाएगा. सत्ता के सिंहासन पर काबिज होने के लिए दलित वोट बैंक कितना अहम है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बसपा के साथ ही सपा और बीजेपी भी बाबा साहेब की जयंती पर मेगा इवेंट्स आयोजित कर रही हैं. बसपा जहां आज लखनऊ में 2 लाख से अधिक की भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन करेगी तो वहीं समाजवादी पार्टी गांव-गांव में पीडीए का झंडा बुलंद करेगी. दूसरी तरफ बीजेपी ने व्यापक तैयारी की है. बीजेपी पूरे प्रदेश में ‘युवा संवाद संगम’ और मूर्ति सौंदर्यीकरण और 11 हजार दीप जलाने की बड़ी योजना चला रही है. अब आप इसी से समझ सकते हैं कि यूपी की सियासत में बाबा साहेब क्यों सभी दलों की मजबूरी बने हुए हैं.

यहां होगा बसपा का कार्यक्रम

बसपा के कार्यक्रम का मुख्य आयोजन गोमतीनगर स्थित आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर हो रहा है. बसपा के सभी 18 मंडलों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता परिवार सहित इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं. पार्टी ने इसे बाबा साहेब के आदर्शों को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का अवसर बनाया है. मॉल एवेन्यू से गोमतीनगर तक का पूरा मार्ग पोस्टरों और बैनरों से सजाया गया है. इनमें डॉ. आंबेडकर के विचारों, बसपा की विचारधारा और मायावती के संदेशों को प्रमुखता दी गई है. कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते हुए कार्यक्रम को भव्य रूप देने की पूरी तैयारी की गई है.

कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कोशिश

यह आयोजन बसपा के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक गतिविधियों की दिशा भी तय करने वाला माना जा रहा है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, बाबा साहेब की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम बहुजन समाज को एकजुट करने और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का प्रतीक है. लखनऊ में बसपा का यह भव्य कार्यक्रम न केवल आंबेडकर जयंती की स्मृति को जीवंत करेगा, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठित रहने और संघर्ष जारी रखने का संदेश भी देगा.

Related Posts