नई दिल्ली, अहमदाबाद में 12 जून 2025 को हुए एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 हादसे ने देश को हिलाकर रख दिया। इस त्रासदी में 270 लोगों की जान चली गई, 253 की डीएनए टेस्ट से पहचान हो चुकी है।
इस बीच, एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जब चेन्नई की 30 वर्षीय रेने जोशिल्डा को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया।
रेने ने दावा किया था कि उसने एयर इंडिया विमान को दुर्घटनाग्रस्त किया। आइए जानते हैं,
Who is Rene Joshilda: रेने जोशिल्डा कौन है?
रेने जोशिल्डा चेन्नई की एक रोबोटिक्स इंजीनियर और डेलोइट में सीनियर कंसल्टेंट हैं। उसने चेन्नई से इंजीनियरिंग और रोबोटिक्स में कोर्स किया। तकनीकी रूप से दक्ष रेने ने अपने कौशल का इस्तेमाल गलत तरीके से करते हुए 12 राज्यों में 21 बम धमकी वाले ईमेल भेजे, जिसमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम, बीजे मेडिकल कॉलेज, और कई स्कूल शामिल थे। सबसे चौंकाने वाला दावा तब सामने आया, जब उसने 13 जून को बीजे मेडिकल कॉलेज को ईमेल भेजकर कहा, ‘हमने कल एयर इंडिया विमान को दुर्घटनाग्रस्त किया। आपको लगा यह मजाक था, अब आप जान गए कि हम गंभीर हैं।’
एकतरफा प्यार में बन गई अपराधी!
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रेने का यह कदम एक व्यक्तिगत बदले की भावना से प्रेरित था। बेंगलुरु में एक प्रोजेक्ट के दौरान रेने की मुलाकात अपने सहकर्मी दिविज प्रभाकर से हुई, जिससे उसे एकतरफा प्यार हो गया। लेकिन दिविज ने उसकी भावनाओं को ठुकरा दिया और फरवरी 2025 में किसी और से शादी कर ली। इससे गुस्साई रेने ने दिविज को फंसाने के लिए बदला लेने की ठानी। उसने दिविज के नाम से मिलते-जुलते 21 फर्जी ईमेल आईडी बनाए और बम धमकियों के साथ-साथ एयर इंडिया क्रैश का झूठा दावा किया।
कैसे बिछाया जाल?
रेने ने अपनी तकनीकी विशेषज्ञता का दुरुपयोग किया। उसने वीपीएन, डार्क वेब, और वर्चुअल नंबरों का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाई। गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, दिल्ली, और 7 अन्य राज्यों में धमकी भरे ईमेल भेजे गए। इनमें अहमदाबाद के स्कूल, स्टेडियम, और बीजे मेडिकल कॉलेज जैसे संवेदनशील स्थान शामिल थे। उसने धमकियां खास मौकों, जैसे वीवीआईपी दौरे या धार्मिक आयोजनों से पहले भेजीं, ताकि दहशत फैले।
पुलिस ने कैसे पकड़ा? एक चूक पड़ी भारी…
रेने की चालाकी के बावजूद, एक छोटी सी गलती उसकी गिरफ्तारी की वजह बनी। अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच के अनुसार, रेने ने एक बार अपने असली और फर्जी ईमेल अकाउंट में एक ही डिवाइस से लॉगिन किया, जिससे उसका आईपी पता ट्रेस हो गया। पुलिस ने डिजिटल फोरेंसिक और सर्विलांस के जरिए उसे चेन्नई में उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके पास से डिजिटल और कागजी सबूत भी बरामद हुए।
एयर इंडिया क्रैश का दावा क्यों?
रेने ने बीजे मेडिकल कॉलेज को भेजे ईमेल में दावा किया, ‘हमने अपने पूर्व सीएम (विजय रूपानी) के साथ एयर इंडिया विमान को क्रैश किया। पुलिस ने इसे मजाक समझा, लेकिन अब आप जान गए कि हम गंभीर हैं।’ पुलिस ने साफ किया कि यह दावा पूरी तरह झूठा था और इसका मकसद केवल दहशत फैलाना और दिविज को फंसाना था।
FIR दर्ज, घर से गिरफ्तार
रेने के खिलाफ अहमदाबाद के सरखेज पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। अहमदाबाद पुलिस ने रेने जोशील्डा को उसके चेन्नई स्थित घर से गिरफ्तार किया। कर्नाटक पुलिस भी उसकी कस्टडी लेने की तैयारी में है, क्योंकि उसने वहां भी धमकियां भेजी थीं। पुलिस का कहना है कि यह एक बड़ा मॉड्यूल बेनकाब हुआ है।
रेने जोशिल्डा का मामला एकतरफा प्यार और बदले की भावना की खतरनाक हदें दिखाता है। उसकी हरकतों ने न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा को चुनौती दी, बल्कि एक त्रासदी का गलत फायदा उठाने की कोशिश की। क्या ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सख्त साइबर कानूनों की जरूरत है? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।




