रील के चक्कर में रियल में चली गयी जान, लड़की ने तेज रफ्तार में भगाई R15, डिवाइडर से टकराकर मौत; रील बना रहा दोस्त घायल

गाज़ियाबाद, गाजियाबाद के वेव सिटी थानाक्षेत्र में रविवार तड़के तेज रफ्तार बाइक डासना स्थित आईएमएस कॉलेज के सामने बने अंडरपास की दीवार में टकरा गई। इस हादसे में बाइक चला रही 19 साल की लड़की की मौत हो गई है।

जबकि उसके साथ बाइक पर बैठा युवक घायल हो गया है। जानकारी के मुताबिक, लड़की तेज रफ्तार में R15 नामक महंगी स्पोर्ट बाइक चला रही थी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

देर रात घर नहीं लौटे, तो शुरू हुई खोजबीन

पुलिस के मुताबिक, टीलामोड़ थानाक्षेत्र के पसौंडा स्थित इकबाल कॉलोनी में रहने वाली 19 वर्षीय इकरा और 20 वर्षीय हासिम शनिवार को घर से निकले थे। देर शाम तक दोनों के घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने तलाश शुरू की। दोनों के परिजन रातभर उन्हें ढूंढते रहे। मुरथल, दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में भी उनकी तलाश की गई। परिजन लगातार दोनों के मोबाइल पर कॉल करते रहे, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

अंडरपास की दीवार से जा टकराई थी बाइक

इस बीच रविवार तड़के करीब चार बजे सूचनी मिली कि अंडरपास की दीवार में बाइक टकरा गई है। पुलिस द्वारा दोनों को तत्काल मणिपाल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने इकरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल हासिम को उसके परिजन सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।

इकरा के पिता दवा फैक्ट्री में करते हैं काम

पोस्टमार्टम के बाद रविवार का इकरा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को मुजफ्फरनगर के गांव नरा लेकर गए। इकरा के पिता राहिल एक दवा फैक्टरी में काम करते हैं और मूलरूप से मुजफ्फरनगर के निवासी हैं। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि हादसे के समय बाइक की गति कितनी थी।

Related Posts