टायर फटने से आगे चल रही स्कूटी से टकराई कार, एक की मौत; इंस्पेक्टर समेत तीन घायल

फिरोजाबाद, मक्खनपुर में मथुरा से इटावा जा रही कार का टायर इंदुमई के समीप तेज आवाज के साथ फट गया। कार अनियंत्रित होकर साइड से जा रही स्कूटी से टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि इंस्पेक्टर समेत तीन लोग घायल हो गए। घायल इंस्पेक्टर मथुरा के बलदेव थाने में तैनात हैं।

हादसा सोमवार रात 8 बजे थाना क्षेत्र में इंदुमई के पास हुआ। मथुरा के बल्देव थाने में तैनात इंस्पेक्टर अरविंद कुमार अपनी कार से इटावा की तरफ जा रहे थे। उनकी कार मक्खनपुर में इंदुमई के पास पहुंची थी कि बाईं तरफ का आगे का टायर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर आगे जा रही स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर मारने के बाद कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई। इसमें इंस्पेक्टर अरविंद कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर एसआई महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। स्कूटी सवार घायलों में काजल (25) पत्नी अरविंद यादव नौशेहरा और कन्हैया लाल (40) निवासी शिकोहाबाद के मोहल्ला गढ़ैया एवं जसराना के गांव ग्यामई निवासी मुकेश कुमार (42) को एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया।

हादसे में घायल मुकेश कुमार ने रास्ते ही दम तोड़ दिया। जबकि घायलों का उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी मक्खनपुर अनिल कुमार ने बताया कि कार सवार इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के हल्की चोट है। जबकि दो घायलों को उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि नई इलेक्टि्रक स्कूटी खरीदकर लाए थे।

Related Posts