अखिलेश यादव को भाजपा की मज़बूती तीन जुलाई को मालूम पड़ जाएगी – केशव मौर्य

लखनऊ, भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित होने के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डा. वीके सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में ऐतिहासिक विजय हासिल करेंगे। इस दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा रविवार को दिए गए बयान पर भी कटाक्ष किया। कहा कि अखिलेश यादव कहते हैं कि जिला पंचायत के चुनाव में भाजपा पिछड़ गई हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश तीन जुलाई तक का इंतजार करें, इसके बाद उन्हें खुद ही मालूम पड़ जाएगा कि भाजपा कितनी मजबूत है।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य द्वारा डा. वीके सिंह को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद मीडिया से बात कर रहे डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा शासनकाल में जिला पंचायत सदस्यों की खरीद फरोख्त एवं यहां तक कि उनकी किडनैपिंग आदि भी की जाती थी, लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं होगा।

कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा को प्रदेश में सबसे बड़ी जीत हासिल होगी । यह क्रम ब्लाक प्रमुख पद पर जब चुनाव होंगे तब भी जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग भाजपा में आना चाहते हैं सभी का स्वागत है। अयोध्या में राममंदिर की जमीन की खरीद को लेकर उठ रहे सवालों पर डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव उस परिवार से आते हैं जिस परिवार ने सत्ता में रहते हुए निहत्थे रामभक्तों पर गोली चलवाई थी। तब अयोध्या में खून की होली खेली गई।

अखिलेश् यादव को राम मंदिर को लेकर कुछ भी बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। इससे अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा या जो राम मंदिर निर्माण विरोधी नेता हैं उन्हें बहुत दर्द हो रहा है। इसलिए वह मंदिर निर्माण में बाधा डाल रहे हैं। आम आदमी पार्टी को लेकर कहा कि यह पार्टी उन्हें कहीं दिखाई नहीं पड़ती। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा आज बड़ी खुशी का दिन है। उन्होंने यह भी कहा कि डा. वीके सिंह पुराने कार्यकर्ता हैं। पंचायत चुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित है। डा. वीके सिंह को प्रत्याशी घोषित करने के बाद यमुनापार अध्यक्ष विभवनाथ भारतीय ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनका 21 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। स्वागत करने वालों में आदेश सिंह,जय सिंह पटेल,दिलीप कुमार चतुर्वेदी,मनोज गुप्ता,अमरेश तिवारी आदि मौजूद रहे।
26 जून को वीके सिंह करेंगे नामांकनप्रयागराज। भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए डा. वीके सिंह अपना नामांकन 26 जून को करेंगे। भाजपा यमुनापार मीडिया प्रभारी दिलीप चतुर्वेदी ने बताया कि कोविड प्रोटोकाल के तहत ही नामांकन होगा।

डिप्टी सीएम का प्रयागराज आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों ने एयरपोर्ट पर स्वागत किया। एयरपोर्ट पर उनकी अगुवाई महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने की। इसके बाद सिविल लाइंस स्थित गेस्ट हाउस में एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्या , कुंज बिहारी मिश्रा , देवेश सिंह, वरुण केसरवानी ,राजेश केसरवानी, विवेक अग्रवाल, राजू पाठक, गिरिजेश मिश्र, प्रमोद मोदी आदि ने भी उनका स्वागत किया।
डा. वीके सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा के दौरान भाजपा महानगर, यमुनापार एवं गंगापार के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सिविल लाइंस स्थित एक गेस्ट हाउस में मौजूद रहे, लेकिन इस कार्यक्रम में निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह एवं अशोक सिंह नहीं दिखे। इस बारे में अशोक सिंह से पूछा गया तो उन्होंने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Related Posts