नई दिल्ली, रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है. रेलवे बोर्ड ने साल 2026 के लिए RRB NTPC भर्ती के तहत कुल 5,165 पदों पर नियुक्ति की मंजूरी दे दी है.
इस भर्ती में ग्रेजुएट और 12वीं पास दोनों तरह के उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग पद शामिल किए गए हैं. हालांकि, आवेदन प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है. भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी Centralized Employment Notification (CEN) जारी होने के बाद सामने आएगी.
ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए 3,477 पद
रेलवे बोर्ड के अनुसार, ग्रेजुएट लेवल की NTPC भर्ती में कुल 3,477 पद भरे जाएंगे. इनमें सबसे अधिक मालगाड़ी प्रबंधक (Goods Train Manager) के 2,750 पद हैं. इसके अलावा सीनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के 371 पद, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट-कम-टाइपिस्ट के 300 पद और चीफ कमर्शियल-कम-टिकट सुपरवाइजर के 56 पद शामिल हैं.
12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए 1,688 सीटें
ग्रेजुएशन से नीचे यानी 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए भी बड़ी संख्या में पद स्वीकृत किए गए हैं. इस कैटेगरी में कमर्शियल-कम-टिकट क्लर्क के 700 पद, जूनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के 600 पद, अकाउंट्स क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के 200 पद और ट्रेन क्लर्क के 188 पदों पर भर्ती होगी.
भर्ती प्रक्रिया सितंबर में आगे बढ़ेगी
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट को 7 से 15 सितंबर के बीच अपनी अंतिम मांग भेजने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद 16 से 22 सितंबर तक मुख्य कार्मिक अधिकारी कार्यालय में प्रक्रिया चलेगी. वहीं, 23 से 25 सितंबर के बीच रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर और 26 सितंबर से नोडल रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आवेदन की तारीख और योग्यता का इंतजार
फिलहाल रेलवे बोर्ड ने आवेदन शुरू होने की तारीख, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, आवेदन शुल्क और परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया है. उम्मीदवारों को इन सभी जानकारियों के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार करना होगा.
टाइपिंग टेस्ट में भाषा चुनना जरूरी
आरआरबी ने टाइपिंग टेस्ट को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं. ग्रेजुएट एनटीपीसी भर्ती के अभ्यर्थियों को 15 सितंबर शाम 7 बजे तक हिंदी या इंग्लिश में से अपनी टाइपिंग भाषा चुननी होगी. तय समय तक विकल्प नहीं भरने पर उम्मीदवार को इंग्लिश में ही टाइपिंग टेस्ट देना होगा और बाद में भाषा बदलने का मौका नहीं मिलेगा.
हिंदी टाइपिंग के लिए कृतिदेव और मंगल फॉन्ट उपलब्ध रहेंगे. परीक्षा का कुल समय 16 मिनट होगा, जिसमें 1 मिनट वार्मअप, 5 मिनट का ब्रेक और 10 मिनट मेन टाइपिंग के लिए दिए जाएंगे. इंग्लिश में 30 शब्द प्रति मिनट और हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की मिनिमम स्पीड अनिवार्य होगी. निर्धारित स्पीड पूरी नहीं करने पर टाइपिंग टेस्ट का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा.




