जयपुर, राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार की सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर काम कर रहे लोगों को बाहर निकलने या खुद को संभालने का मौका तक नहीं मिला.
इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं. घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे में उजड़ गए कई परिवार, दो सगे भाइयों की भी मौत
जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई अजीम और बिलाल भी शामिल हैं. अजीम इस फैक्ट्री में मजदूरी करता था, जबकि उसका भाई बिलाल मंगलवार की सुबह उससे मिलने और काम देखने वहां आया था. इसी दौरान यह भयानक हादसा हो गया और दोनों भाई हमेशा के लिए शांत हो गए. पुलिस के मुताबिक, मृतकों में शामिल दो लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है.
रिहायशी इलाके में चल रहा था मौत का कारोबार
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पटाखा फैक्ट्री मोहम्मद याकूब नाम के व्यक्ति के मकान में चल रही थी. याकूब ने यह मकान दिल्ली के रहने वाले फिरोज को किराए पर दे रखा था. दावा किया जा रहा है कि फिरोज और उसका दोस्त वसीम मिलकर यहां बिना किसी परमिशन के पटाखे बनाने का काम करते थे. यहां तैयार किए गए पटाखों को दिल्ली सप्लाई किया जाता था. रिहायशी इलाके के बीचों-बीच चल रहे इस कारोबार ने आज 8 मासूमों की बलि ले ली.
विधायक अमीन कागजी ने पुलिस और प्रशासन को घेरा
इस बड़े हादसे के बाद पुलिस और जिला प्रशासन की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अक्सर पुलिस आती-जाती थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. घटना की सूचना मिलते ही किशनपोल से कांग्रेस विधायक अमीन कागजी ने जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए. विधायक ने सख्त लहजे में कहा, “हमारी पुलिस बिना हेलमेट वाले लोगों का तो तुरंत चालान काट देती है, लेकिन रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी पटाखा फैक्ट्री चल रही थी और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं थी? यह सीधे तौर पर बड़ी लापरवाही है.”
विधायक अमीन कागजी ने पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है और साफ कहा है कि इस दर्दनाक हादसे के लिए जो भी अधिकारी या लोग जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.




